कसोल में चलती कार की छत पर डांस, खिड़की से लटककर स्टंट करते दिखे युवक, पर्यटकों की हरकत पर भड़के लोग

Kasol Tourist Stunt Video : हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल कसोल में कुछ पर्यटकों की खतरनाक हरकत का वीडियो वायरल हो गया। जिसमें कुछ युवक चलती कार की छत पर डांस और खिड़की से लटककर स्टंट करते दिखे।
A viral video showing tourists performing dangerous stunts on a moving car in Kasol has sparked widespread outrage online.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kasol Tourists Viral Video : हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल कसोल से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में कुछ पर्यटक चलती कार पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं।

यह घटना न केवल उनकी जान के लिए खतरा साबित हो सकती थी, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रही थी। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पर्यटकों के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कड़ी आलोचना की है।

चलती कार की छत पर डांस करते लड़कों का वीडियो वायरल

करीब 21 सेकंड के इस वीडियो में एक कार सड़क पर चलती दिखाई देती है। कार की छत पर दो युवक खड़े होकर डांस करते और अजीब हरकतें करते नजर आते हैं। वहीं तीसरा युवक कार की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर लटका हुआ दिखाई देता है।

वीडियो में तीनों युवक बेहद लापरवाही भरे अंदाज में स्टंट करते नजर आते हैं। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन, स्थानीय लोग और पर्यटक भी मौजूद थे। खास बात यह है कि युवकों को अपनी सुरक्षा की कोई चिंता नहीं दिख रही थी और वे इस पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करने में व्यस्त थे।

यूजर्स ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर होने के बाद लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी सड़कें पहले से ही संकरी और खतरनाक होती हैं, ऐसे में इस तरह की हरकतें बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। कुछ लोगों ने कहा कि कुछ पर्यटकों की ऐसी गतिविधियां पूरे राज्य की छवि खराब करती हैं।

वहीं कई यूजर्स ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। लोगों का कहना है कि पर्यटन का मतलब आनंद लेना है, लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हो सकता।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com