Jhansi Kanwar Yatra: ओरछा से झांसी पहुंची कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा कर रहे हेलीकॉप्टर की कथित तौर पर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हेलीकॉप्टर को भीड़भाड़ वाले इलाके के काफी नीचे उड़ते हुए देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि हेलीकॉप्टर के तेज डाउनवॉश के कारण कई जगह होर्डिंग और टेंट हिल गए, एक चाय का ठेला पलट गया और कुछ बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के बैनर तले आयोजित यात्रा में शासन की ओर से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया था। बताया गया कि हेलीकॉप्टर से मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और आईजी आकाश कुलहरि श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाइट चौराहे के आसपास हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया। इसके बाद तेज हवा का दबाव महसूस हुआ। कई स्थानों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हिलने लगे। कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटने की बात भी सामने आई है।
मिशन कंपाउंड गेट के पास चाय की रेहड़ी लगाने वाले निखिल अग्रवाल ने दावा किया कि हेलीकॉप्टर की तेज हवा से उनका ठेला पलट गया और सामान सड़क पर बिखर गया। घटना के दौरान यात्रा मार्ग पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो को देखने के बाद पूर्व पायलट कैप्टन सुरेंद्र सिंह ने हेलीकॉप्टर की उड़ान को जोखिम भरा बताया। उनके अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में कम ऊंचाई पर हेलीकॉप्टर उड़ाने से डाउनवॉश का प्रभाव बढ़ सकता है। रोटर से पैदा होने वाली तेज हवा की वजह से लोगों और आसपास की वस्तुओं पर असर पड़ने का खतरा रहता है।
उन्होंने मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि DGCA को वायरल वीडियो और उड़ान के पूरे घटनाक्रम की जांच करनी चाहिए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा में करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे। यात्रा मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए मौजूद थे। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा देखने के लिए श्रद्धालुओं की नजरें आसमान की ओर थीं।
इसी दौरान हेलीकॉप्टर की कथित कम ऊंचाई और तेज हवा के कारण कुछ जगहों पर लोग घबराकर पीछे हटते नजर आए। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के ओरछा से झांसी पहुंची। इसमें संत-महंतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कांवड़िए ओरछा से जल लेकर झांसी पहुंचते हैं और श्री सिद्धेश्वर पीठ में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान यात्रा के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी। अब हेलीकॉप्टर की उड़ान से जुड़े वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था और उड़ान नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।