

Woman Passenger Viral Video : भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल होने के बाद एक महिला यात्री के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला IndiGo के ग्राउंड स्टाफ पर गुस्सा करती और जोर-जोर से चिल्लाती नजर आ रही है। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब महिला लगेज बेल्ट पर चढ़ गई और स्टाफ की डेस्क पर रखे कागज और दस्तावेज उठाकर फेंकने लगी।
कर्मचारी उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला लगातार बहस और हंगामा करती रही। इसी दौरान वहां मौजूद एक यात्री को यह कहते हुए सुना गया कि महिला का बच्चा बीमार है। कुछ यात्रियों ने महिला को शांत कराने और पानी देने की कोशिश भी की, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।
हंगामा बढ़ने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने मौके पर पहुंचकर महिला को समझाने की कोशिश की। CISF कर्मी ने महिला से कहा कि वह एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रही हैं और दोबारा वहां नहीं जाने की चेतावनी दी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला के व्यवहार को लेकर यूजर्स ने नाराजगी जताई।
कई लोगों का कहना था कि फ्लाइट कैंसिल होने से यात्री परेशान हो सकता है, लेकिन ग्राउंड स्टाफ के साथ इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। एक यूजर ने कहा कि गुस्सा स्थिति पर होना चाहिए, अपना काम कर रहे कर्मचारियों पर नहीं। वहीं कुछ लोगों ने एयरपोर्ट पर इस तरह की हरकत करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि महिला के बच्चे की तबीयत खराब होने की बात को देखते हुए उसकी परेशानी को समझने की जरूरत है।
मामले पर IndiGo ने बयान जारी कर बताया कि भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6E 7352 को 13 अगस्त को विमान की अनिवार्य प्री-डिपार्चर जांच के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के कारण रद्द किया गया था। एयरलाइन के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को नियमित अपडेट देने के साथ रिफ्रेशमेंट, जरूरत के अनुसार ठहरने की व्यवस्था और वैकल्पिक यात्रा या रिफंड के विकल्प दिए गए थे।
IndiGo ने यह भी कहा कि एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले यात्री को ‘अनरूली’ घोषित कर मानक प्रक्रिया के तहत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह बहस भी छिड़ गई कि मुश्किल परिस्थितियों में यात्रियों को अपनी नाराजगी किस तरह जाहिर करनी चाहिए और एयरपोर्ट स्टाफ के साथ सम्मानजनक व्यवहार क्यों जरूरी है।