Google पहुंचा बेटा, मां को दिया दुनिया का सबसे खास तोहफा; न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चमकी तस्वीर

Mother Photo on Times Square : अमेरिका में गूगल में काम करने वाले भारतीय टेक प्रोफेशनल ने अपनी मां को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया।
An Indian Google employee honoured his mother with a Times Square billboard, celebrating her sacrifices and support.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Times Square Billboard : अमेरिका में गूगल में काम कर रहे भारतीय युवक ने अपनी मां को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को भावुक कर दिया। पंचकूला की रहने वाली महिला की तस्वीर न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर के विशाल डिजिटल बिलबोर्ड पर दिखाई गई।

यह खास सम्मान उनके बेटे अभिजय अरोड़ा वुय्यूरु ने दिया, जो वर्तमान में अमेरिका में गूगल में कार्यरत हैं। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बेटे की सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

बेटे ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर लगवाई मां की तस्वीर

अभिजय ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उनकी मां ने उन्हें एक सिंगल पैरेंट के रूप में पाला और हमेशा उनकी पढ़ाई व सपनों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से आता है। बचपन में उनकी मां ने सीमित संसाधनों के बावजूद उन्हें अच्छे स्कूल में पढ़ाया। अभिजय ने अपने संघर्षों का भी जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में आईआईटी प्रवेश परीक्षा में असफल होने के बाद उनकी मां काफी दुखी हुई थीं। तब उन्होंने वादा किया था कि एक दिन वह उन्हें गर्व महसूस कराएंगे। इसके बाद उन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया, जिनमें नौकरी न मिलना, कई बार GMAT परीक्षा देना और अमेरिकी बिजनेस स्कूलों से लगातार रिजेक्शन मिलना शामिल था।

लोगों ने इसे मां के प्रति सम्मान का बेहतरीन उदाहरण बताया

हालांकि अभिजय ने हार नहीं मानी। वर्ष 2022 में उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला मिला और बाद में गूगल में नौकरी का अवसर भी प्राप्त हुआ। अपनी उपलब्धियों को मां के त्याग और विश्वास का परिणाम बताते हुए उन्होंने टाइम्स स्क्वायर पर उनकी तस्वीर प्रदर्शित कर उन्हें धन्यवाद कहा।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब अभिजय अपनी मां को स्क्रीन देखने के लिए कहते हैं और वहां उनकी तस्वीर दिखाई देती है, तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। सोशल मीडिया पर हजारों लोग इस वीडियो को मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com