

रील का नशा और सड़क पर हो गई दुर्घटना
रील देखने के चक्कर में डंपर में जा भिड़ी कार
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की दिखी नाराजगी, सड़क सुरक्षा पर उठ रहा सवाल
Driver started looking lady, Collision Dumper Truck: आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग किसी हद तक जा सकते हैं। कोई नाली का गंदा पानी पी लेता तो कोई कीचड़ में लोट जाता तो कोई वायरल होने के लिए सड़क पर ही डांस करने लगता है। इसी बीच एक वीडियो वायरल हो रही है। यहां मैडम हाईवे पर अपने शानदार कपड़ों और अंदाज के साथ रील बनाने में व्यस्त थीं, उधर एक कार चालक की नजर सड़क से हटकर मैडम पर जा टिकी। फिर क्या था, अगले ही पल कार की डंपर से ऐसी मुलाकात हुई कि रील का रोमांच सड़क हादसे में बदल गया।
अब मैडम तो अपने वीडियो में लाइक, कमेंट और व्यूज बटोरने की तैयारी में थीं, लेकिन कार चालक की एक छोटी-सी चूक ने पूरा दृश्य ही बदल दिया। जिस हाईवे पर गाड़ियों को अपनी मंजिल की ओर बढ़ना था, वहां कुछ पल के लिए नजरों का ट्रैफिक दूसरी दिशा में मुड़ गया। नतीजा सामने था। कार डंपर में जा घुसी और हादसे की शिकार हो गई।
वैसे सोशल मीडिया के इस दौर में हाईवे भी अब सिर्फ सफर करने की जगह नहीं रह गए हैं। कहीं कैमरा ऑन है, कहीं पोज बन रहे हैं और कहीं वायरल होने की उम्मीद में लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं। सवाल यह है कि रील बनाने का शौक आखिर सड़क सुरक्षा से बड़ा कब हो गया?
मैडम को शायद अपने वीडियो के लिए शानदार बैकग्राउंड चाहिए था, लेकिन हाईवे कोई फोटो स्टूडियो नहीं है और न ही वहां से गुजरने वाले वाहन किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा हैं। सड़क पर हर चालक को सामने की स्थिति पर ध्यान देना जरूरी है। कपड़े कैसे हैं, अंदाज कैसा है और रील कितनी शानदार बन रही है। इन सबका जवाब कैमरे के पास हो सकता है, लेकिन स्टेयरिंग संभालने वाले के पास नहीं।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार दावे होते रहते है तो फिर सड़क पर रील बनाने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती है। सड़क यात्रा का जरिया है न कि लाईक, व्यूज बटोरने का कोई माध्यम।