चिल्का झील में ‘असली मोती’ के नाम पर स्कैम! टूरिस्ट को ऐसे बनाया जा रहा शिकार

Fake Pearl Scam : ओडिशा की चिल्का झील में टूरिस्ट को ‘असली मोती’ के नाम पर ठगने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें नाव वाला नकली मोती बेचता दिख रहा है।
A viral video exposes a fake pearl scam targeting tourists at Chilika Lake.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chilika Lake Scam : ओडिशा की खूबसूरत चिल्का झील, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और बोटिंग के लिए जानी जाती है, इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने यहां होने वाले एक कथित स्कैम की पोल खोल दी है।

वीडियो में एक नाविक टूरिस्ट को ‘असली मोती’ बेचने का दावा करता नजर आता है। वह खुद को सरकारी व्यक्ति बताकर भरोसा जीतने की कोशिश करता है और कहता है कि वह तय कीमत पर सीधे सोर्स से मोती दिला सकता है।

असली मोती के नाम पर चल रहा स्कैम

वीडियो में देखा जा सकता है कि नाव वाला एक सीप (Oyster) लेकर उसे तोड़ता है और उसके अंदर से मोती निकालने का दावा करता है। वह इसे समुद्र का असली रत्न बताता है। हालांकि, वीडियो शेयर करने वाली महिला ने बताया कि यह सब एक स्क्रिप्टेड एक्ट है।

असल में मोती पहले से ही सीप के अंदर डाला गया होता है और उसे गोंद से चिपकाया जाता है। यानी टूरिस्ट को दिखाया जाने वाला ‘असली मोती’ दरअसल नकली होता है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लोगों ने बताया घटना को गंभीर ठगी

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स के बीच इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग नाव वाले की एक्टिंग पर तंज कस रहे हैं, तो कुछ इसे गंभीर ठगी बता रहे हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, असली मोती की पहचान करना मुश्किल नहीं है- यह हल्का खुरदुरा होता है, उसमें प्राकृतिक परतें होती हैं और उसका वजन भी नकली से ज्यादा होता है।

वहीं नकली मोती अक्सर चिकने और हल्के होते हैं। इस घटना के बाद टूरिस्ट्स को सलाह दी जा रही है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से कीमती चीजें खरीदने से पहले पूरी जांच जरूर करें, ताकि ऐसे स्कैम से बचा जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com