

Highlights:
ब्रिटिश नागरिक डेव फ्लू ने लखनऊ में IVF उपचार का अनुभव साझा किया।
उन्होंने जांच की तेज प्रक्रिया और रिपोर्ट मिलने में कम समय की तारीफ की।
डेव ने इलाज की लागत और अस्पताल कर्मचारियों के सहयोग को भी सराहा।
इंस्टाग्राम पर साझा वीडियो को 1.68 लाख से अधिक बार देखा गया।
British Couple Praises Indian Healthcare System: इंस्टाग्राम पर ब्रिटेन के एक दंपति का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें दंपति भारत में मेडिकल सुविधाओं का तारीफ करता नजर आ रहा है। ब्रिटिश नागरिक डेव फ्लू ने बताया कि लखनऊ के मैक्स स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) उपचार के दौरान भारतीय स्वास्थ्य व्यवस्था ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने कहा, भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @flewy86 नाम के हैंडल से साझा किया गया है। इसमें डेव अपनी पत्नी के साथ लखनऊ में आईवीएफ उपचार के लिए पहुंचे हैं। वीडियो का शीर्षक है, भारतीय स्वास्थ्य व्यवस्था ने मुझे हैरान कर दिया। डेव के मुताबिक, यहां इलाज कराने का अनुभव उनके लिए काफी अलग रहा। वह उपचार की तेज प्रक्रिया, बेहतर सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय लाउंज के कर्मचारियों के सहयोग से बेहद संतुष्ट नजर आए।
डेव ने भारतीय स्वास्थ्य सेवाओं की तारीफ करते हुए इलाज की लागत और प्रक्रिया की रफ्तार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में कम खर्च पर अच्छी सुविधाओं के साथ इतनी जल्दी उपचार मिलना उनके लिए हैरान करने वाला अनुभव है। उनके मुताबिक, किफायती दरों पर बेहतर सुविधाएं और जांच की रिपोर्ट जल्दी मिलना भारतीय स्वास्थ्य व्यवस्था को उनके अनुभव में खास बनाता है।
डेव ने दोनों देशों की स्वास्थ्य सेवाओं की तुलना करते हुए कहा, भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है, मैं बताता हूं क्यों। मेरी पत्नी और मैं यहां मैक्स स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में आईवीएफ उपचार करा रहे हैं। पूरा प्रोसेस सच में एक अच्छा अनुभव रहा।
उन्होंने अपने अनुभव के बारे में बताया, अपॉइंटमेंट की समयबद्धता ही अलग है। मुझे उसी बिल्डिंग में विभिन्न टेस्ट कराने को कहा गया। मैं टेस्ट करवाता हूं और 15 मिनट से लेकर एक घंटे में मुझे मेरी रिपोर्ट मिल जाती है। ब्रिटेन में ऐसा नहीं होता। वहां सिर्फ एक्स-रे रिपोर्ट के लिए एक महीने या उससे ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है।
डेव फ्लू के इस वीडियो को अब तक 1.68 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। पोस्ट पर सैकड़ों कमेंट्स भी आए हैं। कई यूजर्स ने ब्रिटेन की स्वास्थ्य व्यवस्था में जांच और रिपोर्ट के लिए लगने वाले समय पर सवाल उठाए। एक यूजर ने टिप्पणी की, ब्रिटेन में 10 मिनट के एक्स-रे की रिपोर्ट के लिए एक महीना क्यों इंतजार करना पड़ता है?
डेव फ्लू का अनुभव भारत में मेडिकल टूरिज्म की बढ़ती लोकप्रियता की ओर ध्यान दिलाता है। कई विदेशी मरीज, विशेष रूप से ब्रिटेन और यूरोप से, इलाज की ऊंची लागत और लंबे इंतजार से बचने के लिए भारत का रुख कर रहे हैं। आईवीएफ जैसे उपचारों के लिए भी भारत किफायती खर्च, तेज प्रक्रिया और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के कारण आकर्षक विकल्प बन रहा है।