

Social Media Earnings : बिहार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी और एक युवा व्लॉगर के बीच हुई बातचीत लोगों का ध्यान खींच रही है। वीडियो में सड़क पर व्लॉग बना रहे एक कंटेंट क्रिएटर को पुलिसकर्मी वापस बुलाता है और उससे बातचीत करने लगता है। पहले वह मजाकिया अंदाज में कहता है कि "बढ़िया से वीडियो बना लो", फिर पूछता है कि क्या इस काम से कमाई भी होती है।
शुरुआत में लड़का मुस्कुराते हुए जवाब देता है कि "काम भर का आ जाता है", लेकिन जब पुलिसकर्मी दोबारा पूछता है कि महीने में कितनी कमाई हो जाती है, तो लड़का बिना झिझक कहता है, "करीब 50 हजार रुपये।" यही जवाब सुनकर पुलिसकर्मी का रिएक्शन अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में पुलिसकर्मी पहले तो हैरानी से दोबारा पूछता है, "50 रुपये?" इस पर लड़का फिर साफ करता है कि "नहीं, 50 हजार रुपये।" यह सुनते ही पुलिसकर्मी चौंक जाता है और दोबारा पुष्टि करते हुए पूछता है, "50 हजार कमा लेते हो?" इसके बाद वह छात्र से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछता है।
लड़का बताता है कि वह फिलहाल नौवीं कक्षा में पढ़ता है और पढ़ाई के साथ-साथ व्लॉगिंग भी करता है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में पुलिसकर्मी के चेहरे के भाव लोगों को काफी दिलचस्प लग रहे हैं। हालांकि, वीडियो में बताए गए छात्र की कमाई के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि आज के समय में सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन से अच्छी कमाई संभव है, जबकि कई लोगों ने इसे प्रेरणादायक बताया कि कम उम्र में भी बच्चे नए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
वहीं कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में पुलिसकर्मी के रिएक्शन पर मीम्स भी शेयर किए। कुल मिलाकर यह वीडियो कंटेंट क्रिएटर्स की बढ़ती लोकप्रियता और डिजिटल कमाई को लेकर एक नई चर्चा छेड़ रहा है।