88 साल के बूढ़े ने जीता दिल..भावुक हुए आनंद महिंद्रा, कहा- सड़कों का शांत योद्धा

Indrajit Sidhu Viral Video: सोशल मीडिया पर बिज़नेसमैन आनंद महिंद्रा ने एक इमोशनल कर देने वाला वीडियो को शेयर किया है, जिसमें एक बुज़ुर्ग व्यक्ति चंडीगढ़ की सड़कों से कूड़ा उठाते हुए नजर आ रहे है।
Indrajit Sidhu and Anand Mahindra
इंद्रजीत सिद्धू व आनंद महिंद्रा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Indrajit Sidhu Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुज़ुर्ग व्यक्ति चंडीगढ़ की सड़कों से कूड़ा उठाते नज़र आ रहे हैं। वह अपने साथ एक ठेला लिए हुए हैं, जिसमें वह कूड़ा उठाकर खुद रख रहे हैं और ठेले को धक्का देकर आगे बढ़ रहे हैं। बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को शेयर करके एक बेहतरीन संदेश दिया है।

आनंद महिंद्रा ने क्या लिखा, यह बताने से पहले, आइए उस बुज़ुर्ग व्यक्ति का परिचय कराते हैं। इस साधारण से दिखने वाले व्यक्ति के बारे में जानकर हर कोई दंग रह गया है, वह कोई और नहीं बल्कि 88 वर्षीय इंद्रजीत सिंह सिद्धू हैं जो एक सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी हैं। वह अकेले ही स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों की तारीफ बटोर रहे हैं।

आनंद महिंद्रा ने शेयर किया वीडियो

आनंद महिंद्रा ने वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा कि किसी ने मुझे चंडीगढ़ के इंद्रजीत सिंह सिद्धू की यह क्लिप भेजी। वह सुबह 6 बजे चंडीगढ़ सेक्टर 49 की शांत गलियों में निकल पड़ते हैं। इंद्रजीत सिंह सिद्धू एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हैं। साइकिल और कर्तव्य की भावना के साथ, वह धीरे-धीरे चलते हैं और सड़क किनारे से कूड़ा उठाते हैं।

उन्होंने आगे लिखा, "स्वच्छ सर्वेक्षण सूची में चंडीगढ़ के सबसे निचले पायदान पर होने से उन्हें बहुत दुख हुआ। हालांकि, शिकायत करने के बजाय, उन्होंने कर्म का मार्ग चुना।" आनंद महिंद्रा ने कहा, "इंद्रजीत सिंह जी द्वारा साफ किया गया कूड़े का एक-एक कण स्वच्छता से कहीं बढ़कर है। यह एक मिसाल है, एक विश्वास है। उनका काम उम्र की परवाह किए बिना जीवन को सार्थक बनाने का आत्मविश्वास जगाता है।"

"सड़कों के शांत योद्धा को सलाम"

आनंद महिंद्रा ने कहा, "इस दुनिया में युवा अक्सर जल्दी में रहते हैं। लेकिन एक पूर्व पुलिस अधिकारी के दृढ़ कदम हमें बताते हैं कि जीवन का उद्देश्य कभी खत्म नहीं होता। सेवा का समय कभी खत्म नहीं होता।" महिंद्रा ने कहा, "सड़कों के इस शांत योद्धा को सलाम।"

यहां पढ़िए इंद्रजीत सिद्धू का संदेश

इंदरजीत सिंह सिद्धू अपनी सादगी और लगन के लिए जाने जाते हैं। वे कहते हैं, "मुझे साफ-सुथरी जगहें पसंद हैं, इसलिए मैं साफ-सफाई रखने की कोशिश करता हूं। अगर आप किसी अन्य देश में जाएं और वहां की फर्श देखें, तो आमतौर पर वे बहुत साफ-सुथरी होती हैं, लेकिन भारत में ऐसा नहीं है।"

88 वर्षीय रिटायर्ड IPS अधिकारी इंद्रजीत सिद्धू का यह वीडियो देशवासियों के लिए किसी सशक्त प्रेरणा से कम नहीं है। यह संदेश देता है कि बात देश को स्वच्छ रखने की हो या फिर इसके विकास की, यह हर देशवासी का कर्तव्य है और इसमें हर शख्स का योगदान होना जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com