

Desi Fridge Without Electricity : भयंकर गर्मी में ठंडा पानी या ताजी दही मिल जाए तो राहत मिल जाती है, लेकिन क्या आपने कभी ऐसा फ्रिज देखा है जो बिना बिजली के सालों से काम कर रहा हो? सोशल मीडिया पर इन दिनों राजस्थान की एक बुजुर्ग महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक अनोखा ‘देसी फ्रिज’ दिखाती नजर आ रही हैं।
यह कोई आधुनिक मशीन नहीं, बल्कि एक पारंपरिक संरचना है, जो करीब 100 साल पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में दादी एक छोटे लकड़ी के दरवाजे को खोलती हैं, जिसके अंदर खाने-पीने का सामान बेहद सलीके से रखा हुआ दिखता है।
इस देसी फ्रिज की खास बात यह है कि यह पूरी तरह प्राकृतिक चीजों से बना है। इसे मिट्टी, गोबर और ‘खींप’ नाम की घास से तैयार किया गया है। इसका काम करने का तरीका भी विज्ञान पर आधारित है, जिसे वाष्पीकरण कहा जाता है।
मिट्टी में मौजूद छोटे छिद्रों से पानी धीरे-धीरे वाष्पित होता है, जिससे अंदर की हवा ठंडी बनी रहती है। ऊपर लगी घास की छत इसे तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाती है। बताया जाता है कि इसमें रखा दूध कई दिनों तक खराब नहीं होता और दही भी अच्छी तरह जमती है।
इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है, जहां इसे लाखों लोग देख चुके हैं और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग इसे अपने बचपन की यादों से जोड़ रहे हैं और पुराने समय की तकनीक की तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि उनके गांवों में भी ऐसी ‘कोठी’ या ‘तेजोरी’ हुआ करती थी। यह वीडियो सिर्फ एक वायरल कंटेंट नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक और सस्टेनेबल जीवनशैली की याद दिलाता है, जो आज के समय में भी उतनी ही उपयोगी साबित हो सकती है।