Rudrapur Police Checking Viral Video: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित त्रिशूल चौक से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। जहां पुलिस बिना नंबर प्लेट और हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक बाइक सवार ने घबराकर अचानक तेज कट मार दिया। इस अचानक हुए टर्न की वजह से बाइक के पीछे बैठी उसकी पत्नी का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती सड़क पर नीचे गिर गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला के गिरने के बावजूद बाइक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ता चला गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए महिला की मदद की और पूछताछ के बाद उसे सुरक्षित घर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि चेकिंग से बचने के लिए इस तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि जरा सी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।