RLWL Waiting Ticket Confirmation Rules: पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18625) में सफर कर रहे एक यात्री और उनकी पत्नी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यात्री ने थर्ड एसी (3AC) का टिकट बुक किया था, जो चार्ट बनने के बाद भी रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट (RLWL 3) पर अटका रहा। स्टेशन पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने टीटीई (TTE) से बात की, तो बताया गया कि वेटिंग ई-टिकट रद्द हो चुका है। इसके बाद टीटीई ने उन्हें जनरल टिकट लेकर आने की सलाह दी।
जैसे ही यात्री ने जनरल टिकट खरीदा, टीटीई ने उन्हें 3AC के B1 कोच में 50 और 51 नंबर की खाली सीटें अलॉट कर दीं। यात्री ने सवाल उठाया कि जब सीटें खाली थीं, तो सिस्टम ने उनका टिकट कन्फर्म क्यों नहीं किया। दरअसल, रेलवे नियमों के अनुसार चार्ट बनने के बाद वेटिंग ई-टिकट स्वतः रद्द हो जाता है। वहीं, RLWL का कन्फर्मेशन बीच के स्टेशन के कोटे पर निर्भर करता है। यदि प्राथमिक सूची (RAC/वेटिंग) के बाद भी सीटें बचती हैं, तो टीटीई उचित किराया अंतर लेकर जनरल टिकट वाले यात्री को खाली एसी सीट आवंटित कर सकता है।