TGT- PGT Protest Prayagraj: प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी भर्ती को पुरानी नियमावली के तहत कराने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों पर प्रशासन द्वारा नामजद मुकदमे दर्ज किए जाने से छात्रों में भारी आक्रोश है। शिक्षा निदेशालय के बाहर आंदोलन कर रहे छात्रों को रोकने और उन पर कार्रवाई करने के बाद अब छात्र आंदोलन को छोड़कर न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।
आंदोलन के प्रमुख चेहरे आशुतोष पांडे ने बताया कि छात्रों ने मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा कर आंदोलन शुरू किया था, लेकिन प्रशासन ने दमनकारी नीति अपनाते हुए कई छात्रों और नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए। छात्रों का कहना है कि वे गरीब किसान परिवारों से आते हैं और प्रशासनिक सख्ती के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है। अब छात्र संगठन और अभ्यर्थी अपनी मांगों के समाधान के लिए कोर्ट की शरण में जाने पर विचार कर रहे हैं, ताकि उन्हें परीक्षा में एक अतिरिक्त अवसर मिल सके।