Shivraj Singh Chauhan On Loktantra Bachao Yatra: महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा शुरू की जाने वाली 'लोकतंत्र बचाओ यात्रा' वास्तव में लोकतंत्र बचाने के लिए नहीं, बल्कि 'परिवार बचाओ यात्रा' और 'अराजकता फैलाओ यात्रा' है।
गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश में आपातकाल लगाने और अतीत में निर्वाचित सरकारों को भंग करने के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को भंग करने की बात कही थी और आज राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी जिस तरह चुनाव हार रही है, उससे बापू की वह बात सही साबित हो रही है। उन्होंने वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण का विरोध करने को लेकर भी कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठाए और कहा कि जनता अब कांग्रेस को पूरी तरह से नकार चुकी है।