Sanjay Singh on PM Modi Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया भावुक वीडियो जिसमें उन्होंने अपनी मां को दी गई गालियों का जिक्र किया था। उस पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। संजय सिंह ने कहा कि किसी की भी मां को गाली देना बेहद निंदनीय है और वह इसका समर्थन नहीं करते, लेकिन बीजेपी नेताओं और समर्थकों द्वारा विपक्षी नेताओं को दी जाने वाली गालियों पर भी कड़े सवाल उठाए।
उन्होंने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि एक दिन वह अपना फोन उनके पास रखकर देखें, जिससे उन्हें यह पता चल सके कि उनके समर्थकों द्वारा किस स्तर की भद्दी गालियां और धमकियां दी जाती हैं। 'आप' सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि देश में नफरत की राजनीति और समाज को दूषित करने का मुख्य पाप बीजेपी की नीतियों की वजह से हुआ है, जिससे राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है।