Rampur Ghugha River Bridge Demand: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की तहसील स्वार के रुस्तम नगर से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ स्कूली बच्चियां घूघा नदी के तेज और ठंडे पानी के बीच खड़े होकर जिलाधिकारी से पक्का पुल बनवाने की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। बच्चियों का कहना है कि बारिश के मौसम में नदी पार करके जमुना देवी इंटर कॉलेज स्कूल जाना उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
अस्थाई लकड़ी का पुल बह जाने के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए रोजाना कई किलोमीटर लंबा चक्कर काटकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। गंदे पानी और खराब रास्तों से गुजरने के कारण उनकी स्कूल ड्रेस भी खराब हो जाती है। इस वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने मौके पर नायब तहसीलदार को भेजकर जांच के आदेश दिए। हालांकि प्रशासन का दावा है कि आवागमन के लिए एक अन्य पक्का रास्ता पहले से मौजूद है, लेकिन ग्रामीणों और बच्चों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नदी पर जल्द से जल्द एक पक्का पुल का निर्माण कराया जाए।