Pappu Yadav On Champaran Embankment: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा विधानसभा क्षेत्र में गंडक नदी का तटबंध टूटने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। इस आपदा के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और सांसद पप्पू यादव ने प्रशासनिक लापरवाही तथा भ्रष्टाचार पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि हर साल एंटी-इरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर करोड़ों-अरबों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस काम नहीं होता।
साल 2024 के बाद एक बार फिर बांध टूटने से वाल्मीकि नगर, नौतन और बेतिया समेत दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे हजारों एकड़ में लगी धान और गन्ने की फसल बर्बाद हो गई है। स्थानीय लोग हर साल बाढ़ और नेपाल से छोड़े जाने वाले पानी के कारण मौत के साये में जीने को मजबूर हैं। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं और राहत कार्यों में भी केवल खानापूर्ति की जाती है।