Sneha Gupta Moscow Video: रूस की राजधानी मॉस्को से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां वर्क वीजा पर कार्यरत भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता को स्थानीय पुलिस ने बिना किसी स्पष्ट कारण के रात के वक्त हिरासत में ले लिया है।
दरअसल कानपुर के रहने वाले चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है।
वायरल वीडियो में बिलखती हुई पत्नी ने आशंका जताई है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है, क्योंकि वहां सैनिकों की कमी चल रही है। स्नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने के बावजूद उन्हें अब तक कोई ठोस मदद या राहत नहीं मिल पाई है।
10 साल के बच्चे के साथ विदेशी जमीन पर अकेली बैठी स्नेहा अपनी और अपने पति की सुरक्षा को लेकर बेहद डरी हुई हैं और भारतीय सरकार से उन्हें सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की पुरजोर अपील कर रही हैं।