BJP Kailash Vijayvargiya Statement: मध्य प्रदेश के इंदौर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली के दौरान प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक विवादित बयान सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान जब एक सामाजिक कार्यकर्ता ने सरकारी खर्चों और सामान की कथित कीमतों जैसे महंगे बल्ब और फिनाइल वाले आंकड़े का पोस्टर लेकर सवाल उठाया, तो मंत्री महोदय भड़क गए। उन्होंने न सिर्फ कार्यकर्ता को मंच से 'नॉनसेंस' कहा, बल्कि पुलिस को बुलाकर उसे हिरासत में भी दिलवा दिया।
इस दौरान मंच से उनके मुंह से 'इतने जूते खाने के बाद भी यहां आ गया' जैसे आपत्तिजनक शब्द निकले। लोकतांत्रिक मंचों पर जनता द्वारा सवाल पूछने पर इस तरह की भाषा और असहमति को दबाने के रवैये पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आलोचकों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों को जनता के तीखे सवालों का सामना तर्कों से करना चाहिए, न कि इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियों और पुलिसिया धौंस से।