Girl Stalked by Police Car Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर से महिला सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवती ने जयपुर पुलिस के एक कांस्टेबल पर सरकारी गाड़ी से उसका पीछा करने, मोबाइल नंबर मांगने और अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, वह रविवार को ऑटो से मानसरोवर स्थित पैसिफिक मॉल जा रही थी, तभी पुलिस की कार में सवार कांस्टेबल ने उसका पीछा शुरू कर दिया और गंदे इशारे करते हुए नंबर मांगने लगा।
मॉल के पास ऑटो रुकने पर आरोपी ने ऑटो चालक से भी उसका नंबर लेने को कहा। युवती ने सवाल उठाया कि जब सुरक्षा देने वाले ही ऐसा व्यवहार करेंगे तो वह शिकायत लेकर कहां जाए। वीडियो वायरल होने के बाद जयपुर दक्षिणी जिला पुलिस ने संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच एक महिला अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।