Hapur Acid Water Scandal: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती रिया अपनी मां के साथ जेवर खरीदने एक सराफा दुकान पर गई थी। प्यास लगने पर दुकान के मालिक ने पास की ही एक जनरल स्टोर से सीलबंद पानी की ठंडी बोतल मंगवाई, जिसे खोलते ही युवती ने जैसे ही एक-दो घूंट पिए, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि सीलबंद बोतल में पानी की जगह सफेद रंग का खतरनाक एसिड भरा हुआ था। पुलिस ने आरोपी जनरल स्टोर संचालक के घर से एसिड की कैन, खाली बोतलें और नकली सील ढक्कन बरामद किए हैं। इस भयानक घटना ने सीलबंद बोतलों की सुरक्षा और बाजारों में बिकने वाले सामानों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।