Hantavirus Outbreak News In Hindi: दुनिया अभी कोरोना महामारी के असर से पूरी तरह उबर भी नहीं पाई थी कि अब समुद्र के बीच एक नई रहस्यमयी बीमारी ने दस्तक दे दी है। एक आलीशान डच क्रूज शिप पर अचानक फैली इस बीमारी से अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिसने दुनिया भर के वैज्ञानिकों और आम लोगों को खौफजदा कर दिया है। जांच के बाद पुष्टि हुई है कि यह 'हंता वायरस' का संक्रमण है, जिसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
WHO के अनुसार, इस क्रूज शिप से जुड़े अब तक कुल आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें से पांच में हंता वायरस की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और तीन संदिग्ध हैं। संक्रमण की शुरुआत 6 अप्रैल को हुई थी और 11 अप्रैल को जहाज पर ही एक यात्री की मौत हो गई थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग और स्विट्जरलैंड में भी मौतों की रिपोर्ट सामने आई है। खतरे को देखते हुए ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी और सिंगापुर सहित 12 देशों को आधिकारिक तौर पर अलर्ट जारी किया गया है।
हंता वायरस मुख्य रूप से चूहों और कृंतकों के लार, पेशाब या मल के संपर्क में आने से इंसानों में फैलता है। हालांकि, कुछ विशेष स्ट्रेन बंद जगहों पर इंसान से इंसान में भी फैल सकते हैं। इसके शुरुआती लक्षण सामान्य बुखार और बदन दर्द जैसे होते हैं, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर यह फेफड़ों को प्रभावित करता है, जिससे सांस लेने में भारी तकलीफ होती है। गंभीर मामलों में मरीज को बचाने के लिए ईसीएमओ (ECMO) मशीन की आवश्यकता पड़ती है।