Chhath Puja 2026 UP Bihar Pssenger: छठ पूजा के महापर्व पर अपने घर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने के लिए पानीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। हजारों की संख्या में यात्री ट्रेन न मिलने और अत्यधिक भीड़ के कारण स्टेशन पर ही फंस गए हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि लोगों को ट्रेनों में चढ़ने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है, और कई यात्री मजबूरी में शौचालय या दरवाजों पर लटककर सफर करने को विवश हैं।
यात्रियों का आरोप है कि चुनाव के समय वोट मांगने के लिए तमाम वादे किए जाते हैं, लेकिन त्योहारों के इस महत्वपूर्ण समय पर सरकार और रेलवे प्रशासन की ओर से पर्याप्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं किया जा रहा है। पानीपत में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के मजदूरों और कामगारों ने सरकार से अपील की है कि वे इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाएं ताकि वे सुरक्षित अपने परिवार के पास पहुंचकर श्रद्धा के साथ छठ का त्योहार मना सकें।