Agra Ganesh Pandal Clash: उत्तर प्रदेश के आगरा से गणेश पंडाल पर हमले की एक बड़ी और खौफनाक वारदात सामने आई है। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के शहजादी मंडी की है, जहां रविवार देर रात लोग गणेश पंडाल में भक्तिमय माहौल में भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान ताजगंज की तरफ से 20 से 25 उपद्रवी युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। इस हमले के बाद पंडाल में अफरातफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें जागरण कमेटी का एक सदस्य भी घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दो हमलावरों, लकी और देव, को मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिछली रात जागरण के दौरान लड़की से बात करने को लेकर हुई मारपीट का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया था। डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि गणेश कमेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इलाके का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।