

देहरादून : उत्तराखंड में फिर से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक टेम्पो ट्रैवलर बद्रीनाथ हाईवे पर शनिवार को सड़क हादसे में अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गया। इस हादसे में अब तक करीब 8 लोगों की मौत की खबर है जबकि 8 यात्री घायल बताये जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक यह सड़क हादसा बदरीनाथ हाईवे के रेंतोली के पास हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। टेम्पो ट्रैवलर में कितने लोग सवार थे इसकी पुख्ता जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। तीर्थ यात्री उत्तर प्रदेश के नोयडा के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
घटना को लेकर IG गढ़वाल करण सिंह नागन्याल ने बताया है कि रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं और बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि टेम्पो ट्रैवलर नोएडा (यूपी) से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा था। बद्रीनाथ हाईवे पर यह 150-200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में अब तक घटना स्थल से 7 शव बरामद किए गए हैं जबकि घायल 9 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिसमें से एक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल है इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन में कितने लोग सवार थे। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग बचाव कार्य में लगे हुए हैं।