नैनीताल में शराब के नशे में धुत पर्यटकों का हंगामा, स्कॉर्पियो से तीन वाहनों को मारी टक्कर

Nainital Accident News: लखनऊ से आए पांच युवकों पर कैंची धाम क्षेत्र में शराब के नशे में मारपीट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
Lucknow Drunken Tourists Create Ruckus Nainital Road Accident
शराब के नशे में पर्यटकों का हंगामा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Nainital Drunk Driving Case: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कथित तौर पर शराब के नशे में धुत पर्यटकों के उत्पात का मामला सामने आया है। आरोप है कि लखनऊ से आए पांच युवकों ने पहले स्थानीय लोगों से विवाद और मारपीट की, फिर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

होमस्टे संचालक से विवाद और मारपीट

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो वाहन (UP 32 RK 0095) से तल्ला कैंची क्षेत्र पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर उनका एक स्थानीय होमस्टे संचालक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद कैंची मुख्य बाजार में भी उनका एक अन्य होमस्टे संचालक से विवाद हुआ। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत कैंची पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर भागे आरोपी

पुलिस को आता देख आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा करते हुए एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और भवाली पुलिस को सूचना देकर नाकेबंदी कराई। नाकेबंदी की जानकारी मिलने पर आरोपी वाहन मोड़कर दोबारा कैंची बाजार की ओर लौटे। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्होंने सड़क पर खड़े तीन वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों ने चार आरोपियों को पकड़ा

सड़क हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने चार आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अफरा-तफरी के बीच एक युवक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे। पुलिस ने सभी हिरासत में लिए गए आरोपियों को भवाली कोतवाली ले जाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।

भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपियों के मेडिकल परीक्षण के लिए ब्लड सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मेडिकल रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पर्यटन स्थलों पर नशे में वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com