Budget 2026: 'पहाड़ के विकास को मिलेगी नई उड़ान', सीएम धामी ने की 'माउंटेन ट्रेल्स' और समावेशी बजट की सराहना

CM Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए गेम-चेंजर बताया। माउंटेन ट्रेल्स और MSME को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
बजट 2026: "पहाड़ के विकास को मिलेगी नई उड़ान", सीएम धामी ने की 'माउंटेन ट्रेल्स' और समावेशी बजट की सराहना
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (डिजाइन)
Published on
Updated on

Union Budget 2026 Uttarakhand Benefits: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट की प्रशंसा करते हुए इसे 'विकसित भारत' की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्यों को विकास के समान अवसर प्रदान करेगा।

'माउंटेन ट्रेल्स' से पर्यटन को नया आयाम

मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए घोषित पर्यावरण-अनुकूल 'माउंटेन ट्रेल्स' विकसित करने की योजना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का मुख्य स्तंभ पर्यटन है और यह योजना राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी।

पर्वतीय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि बजट में किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों (MSME) के लिए किए गए प्रावधानों से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों की आर्थिकी मजबूत होगी। उन्होंने कहा, "एमएसएमई सेक्टर के लिए की गई घोषणाएं हमारे पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार दिलाने में सहायक सिद्ध होंगी।"

अवसंरचना और कौशल विकास की नई राह

मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अवसंरचना (Infrastructure) के लिए जो महत्वपूर्ण निवेश प्रस्तावित है, वह उत्तराखंड की बुनियादी जरूरतों के अनुरूप है। डिजिटल प्रौद्योगिकी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य को दीर्घकालिक लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तीकरण और युवाओं के कौशल विकास पर जोर देने से राज्य की मानव शक्ति को नई पहचान मिलेगी।

'सबका साथ-सबका विकास' का संकल्प

धामी ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग वंचितों, महिलाओं और पिछड़ों को साथ लेकर चलने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और केंद्र के साथ मिलकर प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह बजट 'आत्मनिर्भर भारत' के उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो उत्तराखंड को एक 'आदर्श राज्य' बनाने में मदद करेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com