

Varanasi Viral Video Of Boat Party: वाराणसी में गंगा की पवित्रता और धार्मिक मर्यादाओं को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। गंगा नदी के बीच नाव पर मटन और बीयर पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही जिस नाव पर पार्टी आयोजित की गई थी, उसे भी सीज कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर गंगा में बढ़ते पार्टी कल्चर और नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला दशाश्वमेध थाना क्षेत्र का है, जहां गंगा नदी के बीच नाव पर मटन और बीयर पार्टी करते कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(2) और 299 समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब गंगा की धारा में इस तरह की पार्टी का मामला सामने आया हो। इससे पहले अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों द्वारा नाव पर बिरयानी पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर धार्मिक भावनाएं आहत होने के आरोप लगे थे। उस मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा अस्सी घाट पर शराब पार्टी का वीडियो भी सुर्खियों में रहा था, जिसमें शामिल आरोपियों पर भी कार्रवाई हुई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि गंगा केवल नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में सार्वजनिक व्यवस्था, धार्मिक भावनाओं और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गंगा में पार्टी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, लेकिन अब वाराणसी पुलिस ने साफ कर दिया है कि आस्था और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।