UP में टीचर की हैवानियत; प्रार्थना के दौरान मासूम को 2 बार गर्दन पकड़कर झकझोरा, दूसरे को जड़ा मुक्का

Deoria Teacher Viral Video: उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो इस बात की तस्दीक कर रहा है 'कानून टूटने के लिए ही बनते हैं और सरकारी आदेश सिर्फ अवहेलना के लिए होते हैं।'
school-teacher-violence-on-children-prayer-time-in-deoria
वायरल वीडियो का स्क्रीनग्रैब (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Deoria Viral Video: 'कानून टूटने के लिए ही बनते हैं और सरकारी आदेश सिर्फ अवहेलना के लिए होते हैं।' नहीं-नहीं! आप ग़लत समझ रहे हैं। यह किसी फिल्म का डायलॉग नहीं है। बल्कि आज की हकीकत है। क्योंकि आये दिन कोई न कोई ऐसी तस्वीर सामने आती है जो इस वाक्य की तस्दीक कर जाती है। ताजा मामला यूपी के देवरिया से सामने आया है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग ने एक अहम आदेश जारी करते हुए कहा कि सूबे के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अध्यापक या विद्यालय के कर्मचारी किसी भी छात्र को न तो पीट सकेंगे और न ही डांट सकेंगे। इसके अलावा वह न तो चिकोटी काट सकेंगे न ही थप्पड़ मार पाएंगे। इतना ही नहीं, टीचर किसी छात्र के साथ जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव भी नहीं करेंगे।

देवरिया से सामने आई बर्बर तस्वीर

एक तरफ यह आदेश जारी हुआ दूसरी तरफ इस आदेश को धता बताती और ऊपर इस आर्टिकल की प्रस्तावना में लिखी गई पंक्तियों को सार्थक साबित करती हुई तस्वीर सामने आ गई। सोने पर सुहागा यह है कि ये तस्वीर उसी यूपी के देवरिया जिले से सामने आई है जहां यह आदेश जारी हुआ है।

छात्र को गर्दन से उठाकर पटका

देवरिया के सदर ब्लॉक के नारायणपुर डुमरी स्थित गौतम बुद्ध मिशन स्कूल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक शिक्षक प्रार्थना के दौरान दो छात्रों की गर्दन पकड़कर उन्हें ऊपर से नीचे पटकता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि शिक्षक न सिर्फ छात्रों की गर्दन पकड़कर उन्हें झकझोर रहा है, बल्कि उन्हें जोर-जोर से पटक भी रहा है। इस तरह का व्यवहार बच्चों की शारीरिक और मानसिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।

बच्चों के अभिभावकों में आक्रोश

वीडियो सामने आने के बाद कई अभिभावकों ने शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन ने अभी तक दोषी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। अगर ऐसे मामलों में सख्ती नहीं बरती गई, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।

क्या बोलीं बेसिक शिक्षा अधिकारी?

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि गौतम बुद्ध मिशन स्कूल में एक बच्चे की पिटाई का मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com