

यूपी के संभल में हरिहर मंदिर पदयात्रा के दौरान महंत ऋषि राज गिरी और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की
हरिहर मंदिर यात्रा को लेकर जामा मस्जिद कमेटी ने जताई आपत्ति; यात्रा रोकने की मांग
PAC-RRF तैनात, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
संभल में श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद को लेकर माहौल गरमा गया। गुरुवार को प्रस्तावित पदयात्रा बिना प्रशासन की अनुमति के निकाली गई। इस पदयात्रा का नेतृत्व मां कैला देवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरि महाराज के द्वारा किया गया। इसमें बड़ी संख्या में साधू-संतों और समर्थकों का हुजूम उमड़ा।
पदयात्रा में अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के संस्थापक, जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर के पक्षकार व कैलादेवी धाम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज सबसे आगे दिखे। उनके समर्थक झंडा लहराते और नारेबाजी करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे। पदयात्रा को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश तो पुलिस और महंत के साथ चल रहे संतों व भक्तों के बीच तीखी बहस हो गई। यह बहस जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। इस दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई।
इस पदयात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन की तरफ से अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद कानून व्यवस्था को बनाये रखने और किसी भी हिंसा को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। कैलादेवी धाम से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और हरिहर मंदिर के आसपास पुलिस की सख्त निगरानी रही।