प्रयागराज: मेडिकल अवकाश के दौरान सर्विस बुक में दर्ज की प्रतिकूल प्रविष्टि, बेसिक शिक्षा निदेशक समेत दो पर FIR

Prayagraj Adverse Entry: आरोप है कि 24 जून 2021 को इष्टदेव उपाध्याय ने मूल सेवापुस्तिका और व्यक्तिगत पत्रावली प्रबंध अनुभाग से मंगवाई थी। उस समय सेवापुस्तिका में कोई प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज नहीं थी।
Directorate of Education, Prayagraj
शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अनिल भूषण चतुर्वेदी का 15 जून 2021 को हुआ स्थानांतरण, 29 जून को सौंपा कार्यभार

  • शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई तो खटखटाया न्यायालय का दरवाजा

  • कोर्ट के आदेश पर कर्नलगंज थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

Basic Education Department: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रयागराज में न्यायालय के आदेश पर उनके और परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर एक कर्मचारी की सेवापुस्तिका (सर्विस बुक) में कथित तौर पर कूटरचना कर पिछली तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने का आरोप है। मामला उस समय का है, जब अनिल भूषण चतुर्वेदी परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में सचिव के पद पर तैनात थे।

मेडिकल अवकाश के दौरान दर्ज हुई प्रतिकूल प्रविष्टि

मामले में शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव के मुताबिक, वह वर्ष 1995 से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत रहे। एक से 31 मार्च 2021 तक वह चिकित्सकीय अवकाश पर थे। उनका दावा है कि सक्षम अधिकारी ने 27 जुलाई 2021 को इस अवकाश को वेतन सहित स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बावजूद उनकी सेवापुस्तिका में 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कर दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस अवधि की यह प्रविष्टि दिखाई गई, उस समय उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई भी लंबित नहीं थी।

जून में मंगाई गई सर्विस बुक, जुलाई में मिली बदली हुई

शशि कुमार का आरोप है कि 24 जून 2021 को वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने उनकी मूल सेवापुस्तिका और व्यक्तिगत पत्रावली प्रबंध अनुभाग से मंगवाई थी। उस समय सेवापुस्तिका में कोई प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज नहीं थी। जुलाई में जब अभिलेख वापस मिले तो उसमें 31 मार्च की पुरानी तारीख से प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज थी। शिकायतकर्ता ने आरटीआई से मिली जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित आदेश नौ जुलाई 2021 को भेजा गया था, जबकि उसमें 31 मार्च की तारीख अंकित थी। उनका यह भी आरोप है कि इष्टदेव उपाध्याय उस समय केवल क्रय-विक्रय अनुभाग के प्रभारी थे और प्रबंध अनुभाग से उनका संबंध नहीं था।

Directorate of Education, Prayagraj
बेसिक शिक्षा विभाग में 142 शिक्षकों की तैनाती पर बड़ा खुलासा,BSA का आदेश निरस्त; CDO ने बैठाई जांच

पुलिस अधिकारियों से नहीं मिली राहत, कोर्ट की शरण में पहुंचे

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अनिल भूषण चतुर्वेदी का 15 जून 2021 को स्थानांतरण हो चुका था, लेकिन उन्होंने 29 जून को कार्यभार सौंपा। पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर आठ नवंबर को कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा के मुताबिक, मामले में दस्तावेजों और संबंधित कर्मचारियों के बयान के आधार पर विवेचना की जाएगी।

निदेशक ने आरोपों को बताया निराधार

अनिल भूषण चतुर्वेदी ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्रवाई नियमानुसार की गई थी। इसमें किसी तरह की कूटरचना नहीं हुई है। फिलहाल एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी।

Directorate of Education, Prayagraj
UP Teacher Award 2025: राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित हुए 61 शिक्षक, बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी की लिस्ट