मेरे परिवार को बर्बाद कर दिया…अपर्णा यादव से तलाक लेंगे अखिलेश के भाई प्रतीक, इंस्टा पोस्ट से मचा हड़कंप!
Prateek Yadav Divorce From Aparna Yadav: सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का एलान किया है।
- Written By: अर्पित शुक्ला
अपर्णा यादव
Prateek Yadav Announced Divorce From Aparna Yadav: यूपी के राजनीतिक गलियारों से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए यह जानकारी सार्वजनिक की।
@iamprateekyadav नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से की गई पोस्ट में लिखा गया है कि मैं अपर्णा को जल्द ही तलाक देने जा रहा हूं। उन्होंने मेरे परिवार के रिश्तों को खराब कर दिया है। वह सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती हैं। इस समय मेरी मानसिक स्थिति काफी खराब है, लेकिन उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं है, क्योंकि उन्हें केवल अपनी ही चिंता रहती है। मैं बदनसीब था कि मेरी शादी उनसे हुई।
मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं प्रतीक यादव
गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी थीं, जिनसे उनके बेटे अखिलेश यादव हैं। वर्ष 2003 में मालती देवी का निधन हो गया था। वर्तमान में अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव हैं। प्रतीक यादव, साधना यादव और मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं। मुलायम सिंह यादव ने लंबे समय तक दो शादियों की बात को सार्वजनिक नहीं किया था, हालांकि फरवरी 2007 में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के सामने इसे स्वीकार किया था।
यह भी पढ़ें- यूपी में राजभर की ‘पीली सेना’ तैयार, 2500 युवाओं को बांटी वर्दी और डंडा, सियासी गलियारों में मची हलचल
राजनीति से रखते हैं दूरी
जहां एक ओर अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति में हमेशा केंद्र में रहते हैं, वहीं प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाए रखते हैं। इसके विपरीत उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। अपर्णा यादव ने पहले समाजवादी पार्टी के टिकट पर भी चुनाव लड़ा था। हालांकि साल 2022 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं और तब से भाजपा की कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय हैं। वहीं प्रतीक यादव आमतौर पर सार्वजनिक मंचों से दूर ही नजर आते हैं।
