10 घंटे काम...बोनस के नाम पर सिर्फ 900, कितनी मुश्किलों में काम कर रहे हैं कर्मचारी? महिला ने बताई असलियत

Noida Labor Protest: नोएडा में श्रमिकों का प्रदर्शन आज हिंसक हो गया। पत्थरबाजी और आगजनी के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मुश्किलें खुल कर सामने रखीं।
Noida Labor Protest
नोएडा में सैलरी को लेकर संग्राम (सोर्स- डिजाइन इमेज)
Published on
Updated on

Noida Workers Demands: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। पिछले तीन दिनों से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे श्रमिकों का गुस्सा सोमवार सुबह फूट पड़ा जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। शुरुआत में यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था लेकिन बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने पर कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की और कई वाहनों को निशाना बनाया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने भारी बल तैनात किया और फेज-2 इलाके में स्मॉग गन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।

कर्मचारियों की मुख्य मांगें

नोएडा में प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें न्यूनतम वेतन भी ठीक से नहीं मिल रहा। प्रदर्शन में शामिल एक महिला कर्मचारी ने बताया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है लेकिन हमारी सैलरी बेहद कम है। हमें कम से कम 20 हजार रुपये मासिक वेतन चाहिए। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें ओवरटाइम का भुगतान नहीं दिया जाता और 8 घंटे की जगह 10 घंटे काम कराया जाता है। साथ ही बोनस में भी कटौती की गई है, जिससे असंतोष और बढ़ गया है।

कंपनियों पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शनकारियों ने कंपनियों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नियमित कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया गया है जबकि कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वालों की अनदेखी की जा रही है। विरोध के दौरान कुछ कर्मचारियों ने फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। उनका आरोप है कि जब उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई, तो उनके साथ मारपीट की गई।

सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिंसक प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति बहाल करने की कोशिश जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com