

Hastinapur Road Accident News: फाजलपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सत्येंद्र की शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दुर्घटना को संदिग्ध बताते हुए युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। वहीं हंगामा बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन देकर कार्रवाई की बात कही। जिसके बाद परिजन शांत हुए।
दरअसल, फाजलपुर का रहने वाला सत्येंद्र शनिवार रात मोटरसाइकिल से रतीरा खुर्द की ओर से अपने गांव लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह छोटी चामरौद गांव के तिराहे स्थित बस स्टैंड के पास पहुंचा इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर हस्तिनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मृतक के भाई मांगे और दीपक ने हादसे को सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए सत्येंद्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और यह पता लगाया जाए कि, युवक सत्येंद्र की मौत सड़क हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
परिजनों के आरोप के बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जांच का भरोसा दिलाया। सीओ पंकज लवानिया ने मृतक के पिता फूल सिंह से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक सत्येंद्र रक्षाबंधन के त्योहार के चलते दो दिन पहले ही अपने गांव आया था। त्योहार के बाद हुई उसकी अचानक मौत से परिवार और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों का कहना है कि जब सत्येंद्र घर आया था तो कुछ अपसेट सा लग रहा था। परिजनों के मुताबिक सत्येंद्र की मौत सड़क हादसे में नहीं हो सकती। सत्येंद्र को जबरन किसी ने सोची-समझी रणनीति के तहत मारा है। वहीं हत्या और सड़क हादसे की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। ताकि पता चल सके कि सत्येंद्र की हत्या हुई है यह वह सड़क हादसे में मारा गया है।