रात्रि गश्त के दौरान हादसा: मथुरा में पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन पुलिसकर्मी घायल, एक की हालत गंभीर

Mathura News: मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की सरकारी जीप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर है।
Three Policemen Injured After Truck Rams Police Jeep During Night Patrol in Mathura
पुलिस की सरकारी जीप (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Mathura Road Accident News: जनपद मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में देर रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गई। भीमनगर पुलिया के समीप पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस की सरकारी जीप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर

घटना के समय पुलिस जीप में सवार तीन पुलिसकर्मी रात्रि गश्त पर थे। टक्कर लगते ही तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है।

मौके पर पहुंचे थाना फरह पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना फरह पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त पुलिस जीप और ट्रक को खाई से निकलवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे से पुलिस वाहन से टकरा गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस हादसे के बाद पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com