महिला के आरोपों पर स्वामी इंद्रदेव पर बड़ा एक्शन, महामंडलेश्वर पद से निष्कासित, जानिए पूरा मामला

Vrindavan Swami Indradev Maharaj: स्वामी इंद्रदेव महाराज की मुश्किलें बढ़ गई। महिला के यौन शोषण के आरोप लगाए जाने के बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया।
Swami Indradev Maharaj
कथावाचक स्वामी इंद्रदेव महाराज(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • स्वामी इंद्रदेव महाराज को महामंडलेश्वर पद से निष्कासित

  • महिला ने यौन शोषण और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया

  • मुंबई में दर्ज FIR की रिपोर्ट वृंदावन पुलिस को मिली

Mahamandaleshwar sexual abuse allegations: मथुरा में कथावाचक स्वामी इंद्रदेव महाराज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक महिला की ओर से यौन शोषण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए जाने के बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया है।

वहीं, मुंबई में दर्ज एफआईआर की रिपोर्ट वृंदावन पुलिस को भी मिल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से लगातार आवाज उठाई जा रही थी। इस अभियान में अखिल भारतीय हिंदू महासभा उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संजय हरियाणा और श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने प्रमुख भूमिका निभाई।

दोनों नेताओं ने स्वामी इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से हटाने की मांग को लेकर पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के पदाधिकारियों से संपर्क किया था।

अखाड़े के पदाधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की

हिंदूवादी नेता संजय ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वामी इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से हटाने की मांग को लेकर मुहिम शुरू की। इस संबंध में पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी को रजिस्ट्री के माध्यम से पत्र भेजा गया। फोन पर भी उनसे बात कर मामले की गंभीरता बताई गई।

संजय के मुताबिक, शुरुआत में कुछ लोगों ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई थी, लेकिन धीरे-धीरे यह सामाजिक मुहिम बन गई और कई संगठन इससे जुड़ गए। उन्होंने कहा कि धार्मिक पद के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। ऐसे मामलों में धार्मिक संस्थाओं को गंभीरता से विचार करना चाहिए। संस्थाओं की मर्यादा और समाज का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच और जवाबदेही जरूरी है।

Swami Indradev Maharaj
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बंटे संत, जगतगुरु परमहंस बोले- लाठियों में तेल लगा रहे लोग

कई सामाजिक संगठनों ने भी अभियान को दिया समर्थन

श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि अन्याय और गलत कामों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उनके संगठन ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रयास किए। इस अभियान को राजपूत करणी सेना इंदौर सहित कई सामाजिक संगठनों और अलीगढ़ के भरत तिवारी का भी सहयोग मिला।

मुंबई में महिला ने दर्ज कराई थी FIR

मुंबई की एक महिला ने स्वामी इंद्रदेव महाराज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने उन पर यौन शोषण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। शिकायत के अनुसार, वृंदावन स्थित आश्रम में उसके साथ कथित रूप से यौन शोषण किया गया और बाद में उसे धमकियां दी गईं। इस मामले में मुंबई पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

वृंदावन पुलिस को मिली मुंबई में दर्ज FIR की रिपोर्ट

अब इस मामले में मुंबई में दर्ज रिपोर्ट वृंदावन पुलिस को भी मिल गई है। सीओ वृंदावन संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की ओर से मुंबई में दर्ज कराई गई रिपोर्ट पुलिस को प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Swami Indradev Maharaj
मथुरा में बिल्डर-होटल कारोबारी के ठिकानों पर IT की रेड, 50 गाड़ियों से पहुंचीं 10 से ज्यादा टीमें