राहुल और अखिलेश की हिरासत के खिलाफ मथुरा में बवाल, होली गेट पर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक

Congress Protest Mathura: राहुल गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। होली गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई।
Congress SP Workers Protest in Mathura Over Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav's Detention, Clash With Police
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Congress SP Protest In Mathura Holi Gate: दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर रात मथुरा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके कार्यालय पर किया गया नजरबंद

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता अपने नेताओं के समर्थन में प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन का हवाला देते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके कार्यालय पर ही नजरबंद कर दिया गया, जबकि कुछ सपा कार्यकर्ता होली गेट चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन की तैयारी करने लगे।

होली गेट पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति न होने का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस और हल्की खींचतान भी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपने शीर्ष नेताओं की हिरासत का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना था कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन नहीं किया जा सकता।

कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए हॉकी लेकर पहुंची पुलिस

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें रोकने के लिए हॉकी लेकर पहुंची थी और अनावश्यक सख्ती बरती गई। वहीं पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।

बाद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की रिहाई की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान होली गेट सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी बनाए रखी और समय रहते हालात को नियंत्रित कर लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com