

अखिलेश यादव सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी संयुक्त महारैली करेंगे
आगरा-मथुरा हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू होगी
Samajwadi Party Manifesto: लखनऊ से आगरा तक आज कई अहम घटनाक्रम पर हमारी नजर रहेगी। आगरा-मथुरा हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू होगी। वहीं, यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज रहेगी।
अखिलेश यादव सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे तो चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी लखनऊ में संयुक्त महारैली करेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस का संविधान रक्षा सम्मेलन और भाजपा का संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम भी आज चर्चा में रहेगा।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी आज अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। इसे 'जन-मन घोषणा पत्र' और 'सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रण पत्र' नाम दिया गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आजम खान के भी शामिल होने की संभावना है।
आगरा-मथुरा हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक कुबेरपुर और रैपुरा जाट कट से ट्रक, ट्रॉला और टैंकर समेत भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। पिछले 10 महीने 25 दिनों में हाईवे पर 111 लोगों की जान जा चुकी है।
लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आज सुबह 11 बजे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी संयुक्त महारैली करेंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले होने वाली इस रैली पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। प्रशासन से मार्च की अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दे उठाएगी।
संविधान दिवस के मौके पर भाजपा आज लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय समेत पूरे यूपी में संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रदेशभर में संविधान के महत्व से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।