SGPGI हॉस्पिटल अटेंडेंट और नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा निरस्त, दूसरे राज्यों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने किया हंगामा

SGPGI Exam Cancelled: SGPGI की हॉस्पिटल अटेंडेंट और नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा बायोमेट्रिक मशीन में खराबी की शिकायत के बाद तीन परीक्षा केंद्रों पर रद्द कर दी गई। नाराज अभ्यर्थियों ने हंगामा किया।
SGPGI Recruitment Exam Cancelled in Lucknow, Candidates Protest Over Biometric Machine Failure
हंगामा करते अभ्यर्थी(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सुबह-सुबह परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को अचानक पेपर रद्द होने की मिली सूचना

  • बायोमेट्रिक मशीन में खराबी और अव्यवस्थाओं को बताया वजह

  • परीक्षा रद्द होने पर अभ्यर्थियों ने की नारेबाजी

  • गोमती नगर विस्तार में कई थानों की पुलिस पहुंची

SGPGI Recruitment Exam 2026: लखनऊ में SGPGI की हॉस्पिटल अटेंडेंट और नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। गोमती नगर विस्तार के छोटा भरवारा स्थित परीक्षा केंद्रों पर पेपर निरस्त होने की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। सुबह करीब 7 बजे परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को अचानक बताया गया कि उनकी परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने केंद्र पर नारेबाजी शुरू कर दी।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि बायोमेट्रिक मशीन में खराबी आने के कारण परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया। उनका कहना था कि वे उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि कई दूसरे राज्यों से परीक्षा देने लखनऊ पहुंचे थे। ऐसे में अचानक परीक्षा रद्द होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि जब परीक्षा की तैयारियां पहले से की गई थीं तो तकनीकी खामी को समय रहते ठीक क्यों नहीं किया गया।

इन परीक्षा केंद्रों पर निरस्त हुई परीक्षा

मिली जानकारी के अनुसार, छोटा भरवारा और गोमती नगर क्षेत्र में स्थित तीन परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाओं की शिकायत सामने आई थी। इनमें एसडीएसएन डिग्री कॉलेज, एसडीएसएन पब्लिक स्कूल और जूरिस कॉलेज ऑफ लॉ शामिल हैं। शिकायत मिलने के बाद संस्थान प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद इन केंद्रों को निरस्त करने के साथ यहां आयोजित होने वाली परीक्षा भी रद्द करने का निर्णय लिया गया।

नई परीक्षा तिथि अलग से होगी घोषित

परीक्षा निरस्त होने के बाद SGPGI के परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से कहा गया है कि संबंधित केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की अगली तारीख अलग से अधिसूचित की जाएगी। हालांकि, अचानक परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी रही।

मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस

परीक्षा रद्द होने के विरोध में अभ्यर्थियों की नारेबाजी और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही गोमती नगर विस्तार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। परीक्षा केंद्र पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामला गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र का है।

रिपोर्ट- ईशांक दीक्षित