लखनऊ में नशे के सौदागरों पर पुलिस का एक्शन, ऑपरेशन NARCO HUNT के तहत 48.80 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Police Action Drug Dealers : क्राइम ने बताया कि पुलिस की नजर केवल नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन से लेकर वितरण नेटवर्क तक की पहचान कर पूरे संगठित गिरोह को ध्वस्त करना है।
 Cannabis seized under 'Narco Hunt' operation; two smugglers arrested
ADCP क्राइम IPS किरण यादव, NARCO HUNT के तहत गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार(सोर्स : सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ऑपरेशन NARCO HUNT के नशे के सौदागरों पर प्रहार

  • तलाशी में 43 पैकेट में 48.80 किलोग्राम गांजा बरामद

  • गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाते थे

Lucknow Police Launched 'Operation NARCO HUNT': राजधानी लखनऊ में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए लखनऊ पुलिस ने ऑपरेशन NARCO HUNT शुरू किया है।

इसी अभियान के तहत ADCP क्राइम IPS किरण यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

ओडिशा से लखनऊ तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ में उसकी सप्लाई करने का काम करते थे।

क्राइम ब्रांच की टीम को तस्करी से जुड़ी अहम जानकारी मिलने के बाद आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम कार्यालय के पास बंधा रोड पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

लाल रंग की कार से हो रही थी गांजे की सप्लाई

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लाल रंग की कार को भी अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से 43 पैकेट में रखा कुल 48.80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

थाना अलीगंज में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना अलीगंज में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की जांच का मुख्य फोकस गांजे की सप्लाई के स्रोत, ओडिशा से लखनऊ तक इसे पहुंचाने वाले माध्यम और राजधानी में इसकी खपत तथा वितरण से जुड़े नेटवर्क का पता लगाना है।

 Cannabis seized under 'Narco Hunt' operation; two smugglers arrested
यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई; 433 किलो से अधिक का गांजा बरामद, 1.25 करोड़ रुपये कीमत, एक तस्कर गिरफ्तार

सप्लाई चेन से लेकर वितरण नेटवर्क तक पुलिस की नजर

ADCP क्राइम IPS किरण यादव ने बताया कि ऑपरेशन NARCO HUNT के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की नजर केवल नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन से लेकर वितरण नेटवर्क तक की पहचान कर पूरे संगठित गिरोह को ध्वस्त करना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संगठित अपराध की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

संगठित अपराध और नशे की तस्करी से संबंधित सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने के लिए क्राइम ब्रांच की ओर से हेल्पलाइन नंबर **7839861034** जारी किया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास मादक पदार्थों की तस्करी या किसी संगठित आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वे इस नंबर पर सूचना दे सकते हैं।

नशे के कारोबार पर और तेज होगा पुलिस का शिकंजा

लखनऊ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन NARCO HUNT के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। इस कार्रवाई को राजधानी में गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार ओडिशा में सक्रिय सप्लायरों और लखनऊ में गांजा खरीदने तथा बेचने वाले अन्य लोगों से कहां तक जुड़े हुए हैं। पुलिस का लक्ष्य नशे के पूरे संगठित नेटवर्क को चिन्हित कर उसे जड़ से खत्म करना है।

 Cannabis seized under 'Narco Hunt' operation; two smugglers arrested
आगरा में गांजे की बड़ी खेप बरामद; खाली क्रेटों के नीचे छिपाकर लाया गया 101 किलो गांजा, पुलिस ने किया गिरफ्तार