

लखनऊ में जमघट पर उल्लास साथ सुरक्षा भी
लखनऊ पतंग संगठन ने की चाइनीज मांझे न खरीदने की अपील
बच्चों के हाथों में मोबाइल की जगह नजर आई पतंग और डोर
Jamghat Kite Flying Tradition: लखनऊ में दीपावली की जगमगाती रात के बाद रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजता है। नवाबों के शहर के पारंपरिक जमघट की अलग ही धमक रहती है। यहां पतंगबाजी सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान और आपसी मेल-मिलाप का हिस्सा है। यह परंपरा नवाबों के दौर (लगभग 1775 से) में शुरू हुई थी। नवाब आसफ-उद्दौला और बाद के शासकों के संरक्षण में पतंगबाजी लखनऊ की संस्कृति और तहज़ीब का अहम हिस्सा बन गई है।
लेकिन इस बार पतंगबाजी के जश्न के साथ ही मांझे को लेकर जागरूकता और लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस पहल में सबसे आगे खुद पतंग कारोबारी हैं। जमघट में पतंग और मांझे की बिक्री के साथ-साथ कारोबारी इस बार एक अहम सामाजिक संदेश भी दे रहे हैं। चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों को देखते हुए पतंग कारोबारियों ने इसके बहिष्कार का अनुरोध किया है। साथ ही उनके द्वारा लोगों से सुरक्षित पतंगबाजी को बढ़ावा देने और हादसों से बचने का संदेश भी दिया जा रहा है।
बीते कुछ दिनों में शहर में चाइनीज मांझे के चलते अनेक गंभीर हादसे हुए जिसमें कई लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ गई। इस कारण लखनऊ पतंग संगठन के चाइनीज मांझे के खिलाफ एक मुहिम छेड़ी है। संगठन के सदस्य सलमान अंसारी ने कहा कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक है और इसकी वजह से आए दिन हादसे होते हैं। इसके चलते सामान्य मांझे की छवि भी खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास है कि लोगों को जागरूक करें। इसके लिए संगठन के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। यह जागरूकता अभियान के बारे में डीसीपी को भी अवगत कराया है और उन्होंने इस प्रयास की प्रशंसा की।
दुकानों पर सूती डोर के इस्तेमाल का संदेश दिया गया। कुछ पतंगों पर भी लोगों को जागरूक करने वाले स्लोगन लिखे दिखाई दिए। इनमें एक संदेश खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा था 'पतंग उड़ाएं, जिंदगी नहीं।' वहीं, एक अन्य संदेश में लिखा था...'चाइनीज मांझे को न कहें, सिर्फ सूती डोर का इस्तेमाल करें।' पतंगबाजी के इस पारंपरिक उत्सव में सुरक्षा का संदेश भी शामिल करने की कोशिश की गई।
आज के दौर में बच्चों के मनोरंजन साधन बदल गए हैं। मोबाइल फोन, वीडियो गेम और सोशल मीडिया उनकी दुनिया का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। लेकिन जमघट के दिन लखनऊ की गलियों में एक अलग ही तस्वीर दिखाई दी।
बच्चों के हाथों में मोबाइल की जगह पतंग और डोर नजर आई। कोई पहली बार पतंग खरीदने पहुंचा था तो कोई अपने दोस्तों के साथ पेंच लड़ाने की तैयारी में था। खास बात यह रही कि पतंगबाजी का उत्साह सिर्फ बच्चों तक सीमित नहीं था। युवाओं और बुजुर्गों ने भी इस परंपरा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।