नगरीय परिवहन निदेशालय ने लखनऊ समेत अन्य शहरों को लिए 1,225 सिटी ई-बसें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव किया मंजूर
लखनऊ को 300 ई-बसें प्राप्त होंगी जिनमें से 100 बसें नौ मीटर की होंगी जबकि 200 बसें 12 मीटर की होंगी
शहर के नौ मार्गों पर ही बसों का संचालन हो रहा बाकी सभी मेट्रो मार्गों की सिटी बसें हटा दी हैं
14 New City Bus Routes: लखनऊवासियों के आवागमन और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से 300 नई इलेक्ट्रिक बसें का संचालन किया जाएगा। ये बसें एक बार में चार्ज होकर 200 किमी तक का सफर तय करेंगी। शहरी परिवहन नए साल में इन बसों को सड़कों पर उतारने की तैयारी कर रहा है। नई बसों के आने से राजधानी में सिटी बस नेटवर्क का दायरा बढ़ेगा।
वर्तमान में जिस ई-बसों का संचालन लखनऊ में हो रहा है वे एक बार चार्ज होने पर 80 से 120 किमी तक ही सफर कर पाती है। इस कारण जाम के बीच या लंबे चक्कर के दौरान चार्जिंग समाप्त होने पर यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से लखनऊ समेत अन्य शहरों को लिए 1,225 सिटी ई-बसें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव मंजूर किया है। इसके तहत राजधानी को 300 ई-बसें प्राप्त होंगी। इनमें से 100 बसें नौ मीटर की होंगी जबकि 200 बसें 12 मीटर की होंगी।
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने 14 नए मार्ग चिन्हित किए हैं। बसों की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही चरणबद्ध तरीके से संचालन शुरू कराया जाएगा। इससे उन इलाकों को भी सिटी बस सेवा से जोड़ने में सहायता मिलेगी, जहां अभी सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं सीमित हैं।
राजधानी लखनऊ को 2009-10 में मिली 250 सीएनजी बसें 15 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद हटा दी गई। अब केवल 115 इलेविटुक बसें ही चल रही हैं। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर के सभी मेट्रो मार्गों की सिटी बसें हटा दी हैं। अब नौ मार्गों पर ही बसों का संचालन हो रहा।
मौजूदा रूटों में बालागंज चौराहे से विराजखंड, दुबग्गा से मोहनलालगंज, घंटाघर से नैमिषारण्य, स्कूटर इंडिया से अवध बस स्टेशन, एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता, राजाजीपुरम से बीबीडी और मुंशी पुलिया से इंटीग्रल यूनिवर्सिटी समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।