गुरसराय में शराब ठेके पर महिलाओं का हंगामा, बोतलें सड़क पर फेंकीं, लाठी-डंडों से तोड़ीं

Gursarai Liquor Shop Controversy: झांसी जिले के गुरसराय में शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। उन्होंने दुकान में घुसकर शराब की बोतलें सड़क पर फेंक दी।
Gursarai Liquor Shop Controversy
गुरसराय में शराब के ठेके पर महिलाओं का धावासोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • गुरसराय में महिलाओं ने शराब के टेट्रा पैक सड़क पर फेंके

  • शराब से परिवारों के बर्बाद होने का आरोप

  • शराब का ठेका नहीं हटाने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी

Gursarai Women Protest Against Liquor Shop: झांसी जिले के गुरसराय में शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। नारायणपुरा मोहल्ले की बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके के विरोध में एकजुट हुईं। उन्होंने शराब की दुकान में घुसकर वहां रखी शराब की बोतलें और अन्य सामान को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उन्हें नष्ट कर दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका होने से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। शराब की वजह से कई परिवार परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से ठेके को मोहल्ले से हटाने या बंद कराने की मांग की है।

Gursarai Liquor Shop Controversy
मथुरा में शराबी का खूनी खेल: युवक की गोली मारकर हत्या कर आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस

रिहायशी इलाके में ठेका होने से परेशानी

मामला गुरसराय थाना क्षेत्र के नारायणपुरा मोहल्ले का है। यहां शराब के ठेके के विरोध में महिलाएं बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचीं और हंगामा किया। महिलाओं ने दुकान में रखे शराब के टेट्रा पैक और अन्य सामान को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उन्हें तोड़ दिया।

विरोध कर रही महिलाओं का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान होने से स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कुछ लोग ठेके से शराब खरीदने के बाद आसपास ही बैठकर पीते हैं। नशे की हालत में घर लौटने के बाद परिवार के सदस्यों से विवाद करते हैं।

शराब की वजह से घरों में झगड़े का आरोप

महिलाओं का आरोप है कि शराब की लत के कारण कई परिवारों में आए दिन झगड़े होते हैं। कुछ मामलों में मारपीट की स्थिति भी बन जाती है। उनका कहना है कि शराब के कारण कई परिवार तबाही के कगार पर पहुंच गए हैं।

महिलाओं ने यह भी कहा कि शराब की बढ़ती लत का असर युवाओं और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इलाके में शराब के सेवन के कारण कई युवाओं की असमय मौत हो चुकी है।

युवक की मौत का जिक्र कर जताई चिंता

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाल ही में एक युवक की मौत का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि युवक के परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं और उसकी मौत के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।

महिलाओं का कहना है कि नारायणपुरा जैसे रिहायशी मोहल्ले में शराब का ठेका संचालित होने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और ठेके को हटाने या बंद कराने की मांग की है।

मांग पूरी नहीं हुई तो बड़े प्रदर्शन की चेतावनी

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी। फिलहाल महिलाओं की मुख्य मांग मोहल्ले से शराब का ठेका हटाना है।

गुरसराय थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- आकाश साहू

Gursarai Liquor Shop Controversy
Garib Rath Express: चलती ट्रेन में शराबी यात्री ने मचाया हंगामा, विरोध करने पर टीटीई को बुरी तरह पीटा