बंडा में नशे ने ले ली मासूम की जान: 3 साल के मासूम पर गिरा शराबी पिता, दम घुटने से हुई मौत

Sagar Crime News : सागर के बंडा में शराब के नशे में धुत पिता के अपने तीन साल के बेटे पर गिरने से मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Sagar Child Death Father Drunk Case
सागर में शराबी पिता के नीचे दबने से मासूम की मौत(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Sagar Child Death Case: सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बंडा नगर में तीन साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में धुत पिता अपने ही बेटे के ऊपर गिर पड़ा, जिससे बच्चे का दम घुट गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना बंडा नगर के देवपुरा वार्ड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पिता पवन लोधी शराब के नशे में था। आरोप है कि विवाद के बीच वह अपने तीन वर्षीय बेटे के ऊपर गिर पड़ा। पिता के वजन के नीचे दबने से मासूम का दम घुट गया। जब तक परिजन बच्चे को संभाल पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घर में मचा कोहराम, पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया

मासूम की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

हत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच

बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पवन लोधी शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। हालांकि पुलिस इस मामले को केवल दुर्घटना मानकर नहीं चल रही है। हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : सतना में प्रमोशन की मांग पर पटवारियों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के सामने काले कपड़ों में बनाई मानव श्रृंखला

नशे की लत ने उजाड़ दिया परिवार

यह घटना केवल एक मासूम की मौत नहीं, बल्कि शराब की लत के गंभीर दुष्परिणामों की भी दर्दनाक तस्वीर पेश करती है। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com