

जननायक एक्सप्रेस ट्रेन में महिला से मारपीट का वीडियो
मामले में पुलिस 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया
वीडियो में बेटियां बार-बार पुलिसकर्मी से पूछती हैं- मां को क्यों पीटा जा रहा
GRP Police Woman Assault Video: मुरादाबाद में जननायक एक्सप्रेस ट्रेन में महिला और जीआरपी पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
वहीं, महिला की बेटियां पुलिसकर्मी को रोकने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। घटना उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में हुई।
एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने हस्तक्षेप किया। मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वायरल वीडियो में ट्रेन के कोच के अंदर महिला और पुलिसकर्मी के बीच झड़प होती दिखाई देती है। इसके बाद पुलिसकर्मी महिला को थप्पड़ मारता और नीचे गिराकर पीटता नजर आता है। महिला की बेटियां उसे बचाने के लिए पुलिसकर्मी को पकड़कर पीछे खींचती हैं। इस दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट जाती है।
वीडियो में बेटियां बार-बार पुलिसकर्मी से पूछती हैं कि उनकी मां को क्यों पीटा जा रहा है। वहीं, पुलिसकर्मी उन्हें छोड़ने के लिए कहता और धमकाता दिखाई देता है। उसका साथी भी लोगों को धमकाता नजर आता है। कोच में मौजूद कुछ यात्री इस पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे।
मुरादाबाद के एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला के मुताबिक, जननायक एक्सप्रेस बिहार से पंजाब जा रही थी। ड्यूटी के तहत दो एस्कॉर्ट पुलिसकर्मी मुरादाबाद से ट्रेन में सवार हुए थे। ट्रेन जब मतलाबपुर के पास पहुंची, तो दो पक्षों के बीच सीट को लेकर विवाद हो रहा था।
एक महिला बर्थ पर लेटी थी। उसके साथ तीन युवतियां और दो पुरुष मौजूद थे। दूसरे पक्ष में एक पुरुष और एक महिला थी, जिसकी गोद में बच्चा था। उन्होंने बर्थ पर लेटी महिला से बच्चे वाली महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया।
एसपी जीआरपी के अनुसार, विवाद में एस्कॉर्ट पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और महिला से दूसरी महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा। इसके बाद तीनों महिलाएं आक्रामक हो गईं और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिलाओं के साथ मौजूद दोनों पुरुष भी विवाद में शामिल हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें ट्रेन में ही बंधक बना लिया।
एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने हस्तक्षेप किया। मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।