

Fire Tragedy In Lucknow Jawahar Bhawan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित जवाहर भवन में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज लगी थी कि उसका धुआं काफी दूर से ही दिखाई दे रहा था। हालांकि आग किस कारण लगी इसकी जानकारी अभी तक नही मिल सकी है। अभी तक खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में आग लगने की जानकारी प्राप्त हुई है।
जानकारी के मुताबिक आग जवाहर भवन में चौथी मंजिल स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय व कैंटीन में लगी है। सरकारी इमारत के ऊपरी हिस्से में आग लगने के कारण पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। और बड़ी संख्या में कर्मचारी और अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
आगजनी की घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की कई गाडि़यां पहुंच चुकी हैं। दमकल कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश में लगे है। फिलहाल अभी तक इस अग्निकांड में किसी के घायल और कोई हताहत होने की सूचना नहीं है।
बता दें कि जवाहर भवन में कई सरकारी विभागों के कार्यालय स्थित हैं। जहां सैकड़ों सरकारी कर्मचारी नौकरी करते हैं। आग लगने के बाद जैसे ही जवाहर भवन के ऊपरी तल से काला धुआं निकलना शुरू हुआ उसे देखकर बड़ी संख्या में लोग इमारत की तरफ दौड़ पड़ें।