

KC Tyagi Statement For Swabhiman Yatra: राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष केसी त्यागी ने ‘स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूर्वजों के सम्मान और किसानों-युवाओं के स्वाभिमान की रक्षा के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) और एनडीए गठबंधन को लेकर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
केसी त्यागी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं की ओर से दिए गए बयानों से चौधरी चरण सिंह और लोकदल समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनके मुताबिक, पूर्वजों के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे को लेकर समाज के लोगों में नाराजगी है। इसी के विरोध में ‘स्वाभिमान यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों में भी यात्रा की शुरुआत की जा रही है, ताकि युवाओं और किसानों की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जा सके।
समान नागरिक संहिता के सवाल पर केसी त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल UCC का समर्थन करता है। केसी त्यागी ने संविधान के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि संविधान में समान नागरिक संहिता का उल्लेख किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि UCC का आधिकारिक प्रारूप अभी सामने नहीं आया है।
प्रारूप सामने आने के बाद सभी संबंधित पक्षों और राज्य स्तर के नेताओं से विचार-विमर्श किया जाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार का सामाजिक अंतरविरोध पैदा न हो।
सादाबाद विधानसभा में एनडीए गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर केसी त्यागी ने कहा कि रालोद पूरी तरह एनडीए का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में एनडीए को जिताने के लिए गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर काम करेंगे।
अखिलेश यादव के चवन्नी वाले तंज पर पलटवार करते हुए केसी त्यागी ने सोमवार को कहा कि हम चवन्नी नहीं हैं, बल्कि महात्मा गांधी की तस्वीर वाला 500 रुपये का नोट हैं।
बता दें कि उन्होंने अखिलेश यादव के उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने रालद प्रमुख जयंत चौधरी को चवन्नी कहा था। यह टिप्पणी 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान चौधरी की टिप्पणी को लेकर जब उन्होंने सपा के सहयोगी रहते हुए भाजपा के प्रस्तावों को ठुकराया था।