जौनपुर में वॉट्सएप हैक कर 75 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार; 1.55 करोड़ रुपये होल्ड

Jaunpur Crime News: जौनपुर पुलिस ने वॉट्सएप हैक करके साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ में नेपाली मोबाइल नंबर और चेकबुक बरामद की है।
Jaunpur Cyber Fraud Accused image
पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी। सोर्स- फोटो नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • जौनपुर में साइबर ठगी के आरोपी गिरफ्तार

  • पुलिस ने विदेशी नंबर और चेकबुक बरामद की

  • तीनों आरोपी यूपी के रहने वाले

Jaunpur Cyber Fraud Gang:  जौनपुर जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल औरवॉट्सएप हैक कर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नेपाली मोबाइल नंबर और एक चेकबुक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसके मैनेजर कावॉट्सएप हैक कर चैटिंग के जरिए 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इसमें एक खाते में 45 लाख और दूसरे खाते में 30 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए थे।

72 घंटे के अंदर तीनों गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम, सर्विलांस और स्वाट टीम को लगाया गया। तकनीकी जांच और विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 72 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार मिश्रा निवासी महराजगंज, लवकेश कुमार सिंह निवासी बाराबंकी और कमल यादव निवासी महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस जांच में संबंधित बैंक खातों में करीब 1 करोड़ 83 लाख रुपये के साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन की जानकारी सामने आई है। इन खातों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और बिहार समेत विभिन्न राज्यों से साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।

Jaunpur Cyber Fraud Accused image
कछुआ तस्करी का भंडाफोड़; वाराणसी कैंट स्टेशन पर 12 लाख के 24 जीवित कछुए बरामद, अमेठी का युवक गिरफ्तार

पुलिस की अपील- दूसरे को बैंक खाता इस्तेमाल न करने दें

पुलिस के मुताबिक, गिरोह कथित तौर पर कमीशन के लालच में बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाता और फिर दूसरे खातों में ट्रांसफर करता था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। ठगी की रकम पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

जौनपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

Navbharat Live
navbharatlive.com