

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में गैर ब्राह्मण होने के कारण बदसलूकी करने वाले भागवताचार्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से बवाल मच गया है। इससे अहीर रेजिमेंट की मांग कर रहे यादव समाज के कार्यकर्ता भड़क गए हैं। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने नारेबाजी की और हाईवे जाम कर दिया।
पुलिस के हाईवे पर पहुंचने पर ये कार्यकर्ता घटना वाले गांव दंदरपुर पहुंच गए। गांव के बाहर मौजूद पुलिस ने जब इन्हें गांव में घुसने से रोका तो इन लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
तीन दिन पहले बकेवर के दंदरपुर में भागवत कथा के दौरान यादव और जाटव जाति के आचार्यों के साथ बदसलूकी की गई थी। उनकी चोटी काट दी गई और सिर मुंडवा दिया गया। यजमान महिला का मूत्र भी उन पर छिड़का गया। महिला के पैर पर उनकी नाक रगड़ी गई। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सपा ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए भागवताचार्यों को लखनऊ बुलाकर सम्मानित किया। इससे राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई। इसी बीच मामले ने नया मोड़ ले लिया। यजमान महिला ने भागवताचार्यों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया। वहीं, बुधवार रात भागवताचार्यों पर जाति छिपाकर कथा सुनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
इस घटना के बाद यादव समाज के लोग भड़क गए। समाज के तीन सौ से अधिक लोगों ने गुरुवार को बकेवर थाने के सामने नारेबाजी कर कानपुर आगरा हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर बकेवर, भरथना, लवेदी, ऊसराहार थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देखकर कार्यकर्ता भाग निकले। नारेबाजी करते हुए वे घटनास्थल दंदरपुर की ओर बढ़ गए।
दंदरपुर से थोड़ा पहले लुधियाना निबारीकला मार्ग पर सीओ अतुल प्रधान पुलिस बल के साथ मौजूद मिले। पुलिस ने उन्हें गांव में घुसने से रोका तो वे पुलिस से नोकझोंक करने लगे। पुलिस ने उन्हें गांव में घुसने नहीं दिया तो कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस खुद को बचाती रही।
पथराव के कारण पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल पहुंच गया और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के कारण दंदरपुर गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव के लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं।