

गोरखपुर में नितिन नवीन की अगुवाई में भाजपा की पदयात्रा
योगी और पंकज चौधरी ने मिशन-2027 का बिगुल फूंका
पदयात्रा में मुस्लिम महिलाओं की मौजूदगी भी चर्चा में रही
Nitin Nabin Gorakhpur Padyatra: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुआई में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा शुरू हुई। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से निकली इस पदयात्रा में सीएम योगी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा में मुस्लिम महिलाओं की मौजूदगी भी देखने को मिली। इससे कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी का दृश्य सामने आया।
पदयात्रा के जरिए भाजपा ने विपक्ष को राजनीतिक संदेश देने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्वांचल में संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को 2027 के चुनाव से पहले पार्टी की बड़ी राजनीतिक गतिविधि के तौर पर देखा जा रहा है।
जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी में की। उन्होंने मंच से लोगों का अभिवादन करते हुए कहा, 'कहो, रउरा सब ठीक बानी?' इसके बाद उन्होंने विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर तीखा हमला बोला।
नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस समय दो कथित युवराज राहुल गांधी और अखिलेश यादव घूम रहे हैं। ये अपनी हार की समीक्षा नहीं करते, बल्कि घड़ियाली आंसू बहाते हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा और जनसमर्थन को देखकर विपक्ष के नेताओं के हाथ-पांव फूल रहे होंगे।
उन्होंने रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां निर्धारित संख्या के मुकाबले दस प्रतिशत लोग भी नहीं जुट पाए थे। गोरखपुर में जुटी भीड़ देखकर विपक्ष के नेता सदमे में होंगे।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यह नरेंद्र मोदी का देश है। जनता जानती है कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री होने के साथ उसके चौकीदार भी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। योगी के नेतृत्व में प्रदेश भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अपराध से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदयात्रा को लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से जोड़ते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने तथा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा इस नकारात्मक नैरेटिव का जवाब जनता के बीच जाकर देगी।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है। कानून-व्यवस्था से लेकर आधारभूत ढांचे तक प्रदेश में बदलाव हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य केवल राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास का संदेश लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बबुआ लोग जब चुनाव हार जाते हैं तो उन्हें अपनी हार स्वीकार नहीं होती। कभी ईवीएम को दोष देते हैं तो कभी कमल के फूल को। जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय वे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगते हैं।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। पहले प्रदेश की पहचान दंगों, अराजकता और माफिया के प्रभाव से होती थी, लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की बदलती तस्वीर को दिखाता है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन के आधार पर अपना फैसला करती है।
भाजपा की पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग सामाजिक वर्गों के लोग भी शामिल हुए। खास बात यह रही कि पदयात्रा में मुस्लिम महिलाएं भी नजर आईं। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस आयोजन में उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को सामाजिक भागीदारी के लिहाज से भी चर्चा में ला दिया। हालांकि, इन महिलाओं की राजनीतिक संबद्धता या पदयात्रा में शामिल होने के कारणों को लेकर अलग से कोई जानकारी सामने नहीं आई।
गोरखपुर को भाजपा की राजनीति में महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के साथ यह पूर्वांचल की राजनीति का भी प्रमुख केंद्र है। यहां से निकलने वाला राजनीतिक संदेश आसपास के जिलों तक प्रभाव डालता है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरखपुर से पदयात्रा का नेतृत्व करना पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती और संतकबीरनगर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में भाजपा अपने संगठनात्मक समीकरण मजबूत करने की तैयारी में है। शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान पार्टी के भीतर सामने आए मतभेदों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का एक साथ मंच साझा करना संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- अनुराग मिश्रा